गलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कर्नाटक और तमिलनाडु की टीम बीच विजय हजारे ट्रॉफी 2019 का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। इसी खिताबी भिड़ंत में कर्नाटक की टीम के तेज गेंदबाज अभिमन्यु मिथुन ने विपक्षी टीम के खिलाफ तबाही मचाई है।

अभिमन्यु मिथुन ने अपने जन्मदिन के अवसर पर विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में गेंदबाजी करते हुए तमिलनाडु के टीम के खिलाफ हैट्रिक ली है। इतना ही नहीं, इस दाएं हाथ के गेंदबाज ने पांच विकेट भी अपने नाम किए है, जिसकी मदद से कर्नाटक की टीम ने दिनेश कार्तिक की कप्तानी वाली तमिलनाडु की टीम को 50 ओवर से एक गेंद पहले 252 रन पर ढेर कर दिया।
हैट्रिक लेने वाले कर्नाटक के पहले गेंदबाज
25 अक्टूबर 1989 को बेंगलुरू में जन्मे अभिमन्यु मिथुन ने कर्नाटक की टीम की ओर से खेलते हुए 9.5 ओवर में कुल 34 रन दिए और पांच अहम विकेट इस बड़े मुकाबले में हासिल किए। 30 वर्षीय अभिमन्यु मिथुन कर्नाटक की ओर से हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। बता दें कि अभिमन्यु मिथुन भारतीय टीम के लिए 5 वनडे और 4 टेस्ट मैच खेल चुके हैं।
इन खिलाड़ियों को आउट कर मिथुन ने ली हैट्रिक
पारी के आखिरी ओवर में तमिलनाडु की टीम के ऑलराउंडर शाहरुख खान, एम मोहम्मद और मुरगन अश्विन को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। 50वें ओवर की तीसरी गेंद पर शाहरुख, चौथी गेंद पर मोहम्मद और पांचवीं गेंद पर मुरगन अश्विन को उन्होंने कैच आउट कराया। ये सभी खिलाड़ी बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हुए।
साल 2010 से 2011 तक भारतीय टीम का हिस्सा रहे तेज गेंदबाज अभिमन्यु मिथुन इन दिनों घरेलू क्रिकेट पर ज्यादा ध्यान लगा रहे हैं। विजय हजारे ट्रॉफी 2019-20 के सीजन में भी मिथुन ने कई मौकों पर अपनी टीम के लिए अच्छी गेंदबाजी की है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अभिमन्यु मिथुन 12 विकेट झटक चुके हैं।