Tuesday, 9 June 2020

सरसों के खेत में उग रही 'अपराधियों की फसल', हथियारों के साथ तस्वीरें वायरल

राजस्थान के भरतपुर में बढ़ रहे अपराध व अपराधियों के बुलंद हौसले ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है। बदमाश आए दिन सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ अपने फोटो वायरल कर रहे हैं।

मेवात इलाके की हैं तस्वीरें

ऐसा ही एक मामला राजस्थान के भरतपुर जिले के मेवात इलाके का सामने आया है, जहां अनेक बदमाश जिनकी उम्र भी काफी कम है। वे छोटे से लेकर बड़े हथियारों व गोलियों की बेल्ट के साथ अपने फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे है।

कामां व पहाड़ी थाना इलाके के रहने वाले

जानकारी के मुताबिक मेवात क्षेत्र में कामा व पहाड़ी थाना इलाके में रहने वाले ये बदमाश वो ही हैं, जो आए दिन लोगों के साथ बन्दूक की नोक पर लूटपाट करते हैं। ऑनलाइन, ओएलएक्स के जरिए देश के कोने-कौने से लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं।

लूटपाट व मारपीट के भी हैं आरोपी

इतना ही नहीं ये बदमाश देश के किसी भी राज्य में लोगों को फ़ोन कर व ओएलएक्स के जरिए कार, नकली सोने की ईंटों को सस्ते दामों में बेचने का झांसा देकर अपने इलाके में बुला लेते हैं, जहां ये बदमाश उन लोगों को बन्दूक की नोक पर अपहरण कर लेते हैं और फिर उनके साथ लूटपाट व मारपीट कर उनके परिजनों से फिरौती वसूलते हैं।