कुरकुरे को लेकर हुई कहासुनी पत्नी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस का कहना है कि बीएससी की पढ़ाई कर रही नवविवाहिता ने पति से दस रुपए वाला कुरकुरे का पैकेट खाने के लिए मंगाया था। पति दस की जगह पांच रुपए वाला पैकेट लेकर घर पहुंचा। इसी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। जिस पर महिला ने गुस्सा होकर पति को बुरा-भला कहते हुए खुदकुशी करने की धमकी देने लगी। धमकी को मजाक समझ पति पड़ोस में रहने वाले अपने पिता के घर चला गया। आधा घंटे बाद लौटा तो पत्नी फांसी के फंदे पर झूलते मिली। ये वारदात भोपाल के छोला मंदिर इलाके की है।
पुलिस के मुताबिक गुडगांव, हरियाणा निवासी 22 वर्षीय प्रियंका सोनी की जनवरी 2019 में प्रेम नगर छोला मंदिर निवासी रोहित सोनी से शादी हुई थी। फिलहाल प्रियंका गुडगांव से बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। रोहित मिसरोद स्थित बेस्ट प्राइज में काम करता है। लॉकडाउन के कारण वह इन दिनों घर पर ही है। रविवार दोपहर करीब चार बजे प्रियंका ने घर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
रोहित ने पुलिस को बताया कि प्रियंका की परीक्षाएं होनी थीं, लेकिन लॉकडाउन के चलते रद्द हो गईं थी जिससे वह तनाव में थी। परीक्षा को लेकर रविवार को उसने गुडग़ांव निवासी अपने पिता राजेश से भी बातचीत की थी। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे उसने रोहित से दस रुपए वाला कुरकुरे का पैकेट लाने को कहा।
रोहित ने बताया कि लॉकडाउन के कारण उसे सिर्फ एक किराना की दुकान खुली मिली, जिस पर पांच रुपए वाले कुरकुरे के ही पैकेट मिले। वह दो पैकेट खरीदकर घर पहुंचा जिसे देख प्रियंका गुस्सा हुई। वह मजाक उड़ाने लगी कि किस काम की तुम्हारी नौकरी जो मुझे एक दस रुपए का कुरकुरे का पैकेट लाकर नहीं दे सकते।
बात इतनी बढ़ गई कि वह खुदकुशी की धमकी देने लगी। धमकी सुनकर रोहित को लगा कि प्रियंका मजाक कर रही है। इसके बाद वह पड़ोस में रहने वाले अपने पिता के घर चला गया। वह करीब आधा घंटे बाद लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। रोहित ने कई बार दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं आया।
