Friday, 25 October 2019

पहली बार भारतीय टीम में चुने जाने पर शिवम दुबे ने इन दो क्रिकेटरों का जताया आभार

बांग्लादेश के विरुद्ध T-20 सीरीज के लिए भारत की T-20 टीम में ऑलराउंडर शिवम दुबे को शामिल किया गया है. शिवम दुबे चोटिल ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की जगह भारतीय टीम में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं. पहली बार शिवम दुबे भारतीय टीम का हिस्सा बने है, जिस पर उन्होंने अपनी राय दी.
शिवम दुबे ने स्पोर्टस कैफे को दिए इंटरव्यू में कहा- जब मैं आरसीबी में था तो मैं ज्यादातर बेंच पर था. इसीलिए विराट कोहली और एबी डीविलियर्स जैसे महान खिलाड़ियों की उनके काम के प्रति लगन देखना एक बहुत बड़ा सबक था. विराट भाई और रोहित भाई ने मुझे प्रदर्शन करने के लिए हमेशा समर्थन दिया है. वह लगातार मुझे बताते रहे कि मेरे पास ऑलराउंडर क्षमता है और जल्द ही मैं भारतीय टीम के लिए खेल सकता हूं.
शिवम दुबे ने आगे बताया कि मैंने पिछले साल आईपीएल के दौरान विराट भाई से चर्चा की थी. मैंने उनसे पूछा- मुझे किन क्षेत्रों में काम करना चाहिए. उन्होंने मुझे फिनिशर की भूमिका पर काम करने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि मेरे पास खेल को कंट्रोल करने और इसे खत्म करने की क्षमता है, क्योंकि मेरे पास पावर हिटिंग क्षमता है. मैंने इस पर काम करना शुरू कर दिया जिसकी वजह से आज मुझे भारतीय टीम में जगह मिली है.
आज का दिन मेरे जीवन का सबसे अच्छा दिन है. शिवम दुबे ने अपने पिता को भी श्रेय दिया, जिन्होंने उनको क्रिकेटर बनाने में बहुत मदद की. शिवम दुबे ने कहा कि मैं अपने पिता और अपने परिवार का एहसानमंद हूं, जिन्होंने मेरा हमेशा साथ दिया. वह हर परिस्थिति में मेरे साथ रहे.